home page

हथियार दिखाकर धमकाने और गाड़ियां तोड़ने के मामले में तीन युवक गिरफ्तार

 | 
हथियार दिखाकर धमकाने और गाड़ियां तोड़ने के मामले में तीन युवक गिरफ्तार


शिमला, 18 अगस्त (हि.स.)। शिमला जिले के ठियोग क्षेत्र में हथियार दिखाकर धमकाने और दो वाहनों को नुकसान पहुंचाने के मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को अब रिमांड पर लेने के लिए अदालत में पेश किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार 16 जुलाई को ठियोग पुलिस थाना में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में कहा गया था कि गुलु के पास स्थित एक पार्किंग स्थल पर कुछ लोग वाहनों में सवार होकर पहुंचे थे। शिकायतकर्ता के अनुसार इन लोगों के पास हथियार थे और उन्होंने उसे तथा उसके साथ मौजूद लोगों को धमकाया था। स्थिति को देखते हुए शिकायतकर्ता और उसके साथी वहां से चले गए थे।

शिकायत में यह भी कहा गया कि जब वे कुछ समय बाद दोबारा मौके पर लौटे तो उनकी दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त मिलीं। शिकायतकर्ता ने पुलिस को यह भी बताया था कि उन्हें धमकियां दी गई थीं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े तथ्यों, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य जानकारियों को खंगाला। इसके बाद पुलिस थाना ठियोग की टीम ने मंगलवार को तीन युवकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 27 वर्षीय विक्रांत शर्मा, 21 वर्षीय वंश शर्मा और 24 वर्षीय किंशुक शर्मा के रूप में हुई है। तीनों ठियोग क्षेत्र के रहने वाले हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत की मांग की जाएगी। यदि रिमांड मिलता है तो मामले से जुड़े तथ्यों की पुष्टि, संभावित बरामदगी और अन्य साक्ष्यों को जुटाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच निष्पक्ष और तथ्य आधारित तरीके से की जा रही है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा