ग्राम प्रधान के बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
औरैया, 04 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के फफूंद थाना क्षेत्र में एक ग्राम प्रधान के पुत्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव काे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
थाना अध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि गदनपुर गांव के ग्राम प्रधान करन सिंह का बेटा हरिश्चन्द्र (32) बुधवार सुबह करीब आठ बजे बिना किसी को बताए घर से निकला था। लगभग 11 बजे वह फफूंद–औरैया मार्ग पर मुड़ी गांव जाने वाले रास्ते पर पहुंचा, जहां सड़क किनारे जल रही आग से ताप लगने के दौरान वह अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना उसके परिजनों को दी।
सूचना मिलने पर परिजन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक दो भाइयों में सबसे बड़ा था। थाना अध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम भेज रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

