home page

पुरानी रंजिश में की गई थी महिला की हत्या, एक आरोपित गिरफ्तार

 | 
पुरानी रंजिश में की गई थी महिला की हत्या, एक आरोपित गिरफ्तार


लखनऊ, 19 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित नगराम थाना क्षेत्र में लापता महिला की हत्या के बाद सरसो के खेत में मिले नरकंकाल का सफल अनावरण पुलिस ने सोमवार को कर दिया है। पुलिस ने महिला की हत्या में आरोपित पड़ोसी युवक को गिरफ्तार किया है।

अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रल्लापल्ली बसंथ कुमार ने बताया कि बीती सात जनवरी को ग्राम कुबहरा स्थित एक सरसो के खेत में मानव कंकाल मिला था। घटनास्थल के पास मिली साड़ी के जरिए कंकाल की पहचान पूनम (30) के रूप में की गई। जांच में पता चला कि पूनम 12 दिसंबर 2025 से लापता थी। पति ​पीतांबर ने गुमशुदगी दर्ज करा रखी थी। वहीं, महिला के पिता ने पति पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस इन सभी बिन्दुओं को संज्ञान में लेकर जांच कर रही थी। सर्विलांस की मदद से की जा रही छानबीन में आशीष कुमार का नाम प्रकाश में आया। पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की ताे उसने जुर्म स्वीकार कर लिया।

आराेपित ने बताया कि वह पूनम का पड़ोसी है और दोनों की बातचीत होती थी। पूनम ने उसे आश्वासन दिया था कि अपनी बड़ी बहन की लड़की की शादी उससे करेगी। बाद में घरवालों ने लड़की की शादी कहीं और तय कर दी। इस बात की जानकारी जब आशीष को हुई तो उसने स्वयं का ठगा महसूस पाया। इसी रंजिश के चलते उसने 12 दिसंबर 2025 को पूनम को मिलने के लिए कुबहरा गांव​ स्थित हंसराज की बाग में बुलाया। जहां दोनों में विवाद हुआ और फिर आराेपित आशीष ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और फिर वह ड्यूटी चला गया। जब उसे पता चला कि घरवाले पूनम को ढूंढ रहे हैं तो उसी रात उसने शव को गांव के पश्चिम स्थित सरसो के खेत में ले जाकर फेंक दिया। इस दाैरान उसने मृतक महिला के गले से लॉकेट और पायल उतार ली, जो उसकी निशानदेही पर पु​लिस ने बरामद कर लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक