home page

परिवहन अधिकारियों की रेकी करने वाले चार अपराधी गिरफ्तार

 | 
परिवहन अधिकारियों की रेकी करने वाले चार अपराधी गिरफ्तार


उरई, 05 फ़रवरी (हि.स.)। जिले में परिवहन विभाग के अधिकारियों की रेकी करने वाले लोकेशन गिरोह चार अपराधियाें काे काेतवाली पुलिस ने बुधवार देर रात काे गिरफ्तार किया है। आराेपित की कार काे जब्त किया गया है।

पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार ने गुरुवार को बताया कि यह पूरा मामला उरई के राठ रोड क्षेत्र का है, जहां परिवहन विभाग के अधिकारी ओवरलोड वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान पता चला कि कार सवार कुछ लोग मोटरसाइकिल से अधिकारियों की टीम का पीछा कर रहे हैं। तभी पुलिस ने बैरिकेड लगाकर एक संदिग्ध कार (एमपी 07 जेडएच 3221) रोकी। कार में सवार व्यक्ति से पूछताछ की गई तो चालक ने अपना नाम डकोर निवासी मयंक यादव बताया। उसके तीन साथी विशाल यादव, सुरेंद्र यादव और शिवम कुमार भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि चारों ने चेकिंग टीम के साथ अभद्र व्यवहार किया और सरकारी कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया, जिसके बाद गुरुवार को उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे एक संगठित गिरोह के तौर पर काम करते हैं। उनका काम सड़कों पर परिवहन विभाग की टीमों पर नजर रखना और अपने अवैध ओवरलोडेड ट्रकों को चेकपोस्ट से बचाकर निकालना था। आरोपितों के पास से बरामद पांच मोबाइल फोन और व्हाट्सएप चैट से पता चला कि वे रीयल-टाइम में एक-दूसरे को 'लोकेशन' की जानकारी देते थे।

इस मामले में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार ने आरोपितों के खिलाफ कोतवाली उरई में मुकदमा दर्ज कराया हैं। आरोपित शिवम की कार को भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत जब्त कर लिया है। एसपी ने बताया कि यह कार्रवाई अवैध खनन और परिवहन को रोकने के विशेष अभियान का हिस्सा है। आरोपितों के आपराधिक इतिहास की पड़ताल की जा रही है और संभव है कि इस गिरोह के और सदस्यों के नाम भी जल्द सामने आऐंगे। राजस्व की इस बड़ी चोरी को रोकने के लिए ऐसी कार्रवाईयां निरंतर जारी रहेंगी।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा