home page

सीवान में सीएसपी संचालक से हथियार के बल पर अपराधियों ने 2.5 लाख लूटा

 | 

सीवान, 15 अप्रैल (हि.स.)। सीवान जिले के जीबी नगर तरवारा थाना क्षेत्र में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है, जहां बेखौफ बदमाशों ने हथियार के बल पर एक सीएसपी संचालक से करीब ढाई लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए। वारदात के दौरान बदमाशों के पीछा करने और धमकी देने से संचालक बाइक से गिरकर घायल भी हो गया।

जानकारी के अनुसार, हरिहरपुर लालगढ़ निवासी विकास कुमार सिंह तरवारा बाजार में ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं। रोज की तरह वह बुधवार की देर शाम केंद्र बंद कर घर लौट रहे थे। तभी पहले से घात लगाए अपराधियों ने उनका पीछा शुरू कर दिया।

जैसे ही वह भेलपुर और धराजपुर गांव के बीच सुनसान स्थान पर पहुंचे, अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर उन्हें रोक लिया और उनके पास मौजूद बैग छीन लिया। बैग में करीब 2.5 लाख रुपए नकद रखे थे।

घटना के दौरान बदमाशों की हरकत से घबराकर विकास कुमार सिंह बाइक से गिर पड़े, जिससे उन्हें चोटें आईं। लूट को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है और संदिग्धों की पहचान में पुलिस जुटी हुई है।

इधर, घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से दहशत का माहौल बना हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma