home page

बिना परमिट देवदार के लट्ठों से भरा ट्रक पकड़ा, दो लोगों पर मामला दर्ज

 | 

शिमला, 19 अप्रैल (हि.स.)। जिला शिमला के चौपाल थाना क्षेत्र में पुलिस ने रात के समय गश्त के दौरान बिना परमिट देवदार की लकड़ी ले जा रहे एक ट्रक को पकड़कर दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार जब्त की गई लकड़ी की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस थाना चौपाल की टीम ने बीती रात करीब 10:30 बजे नियमित गश्त के दौरान सराहन बाजार के पास एक टाटा 710 ट्रक को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर ट्रक में देवदार के 50 लट्ठे लदे हुए पाए गए। मौके पर मौजूद वाहन चालक और उसके सहयोगी से लकड़ी के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई परमिट या कागजात पेश नहीं कर सके।

पुलिस के अनुसार ट्रक चालक की पहचान श्याम लाल (50 वर्ष) निवासी गांव व डाकघर सराहन, तहसील चोपल और उसके सहयोगी राहुल (29 वर्ष) निवासी गांव व डाकघर सराहन, तहसील चोपल के रूप में हुई है। मौके पर पहुंचे वन रक्षक ने जब्त लकड़ी का मापन किया, जो कुल 2.923 घन मीटर पाई गई। इसकी अनुमानित कीमत करीब 2.30 लाख रुपये आंकी गई है। इसके बाद लकड़ी को नियमानुसार सील कर कब्जे में ले लिया गया।

पुलिस ने जब्त ट्रक, लकड़ी, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य संबंधित दस्तावेज वन विभाग को विधिवत सुपुर्द कर दिए हैं। दोनों आरोपियों को बीएनएसएस की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी किए गए हैं।

पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 3(5) और भारतीय वन अधिनियम की धारा 41 और 42 के तहत थाना चौपाल में मामला दर्ज किया गया है तथा मामले की आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा