home page

सेऊबाग में संदिग्ध हालत में ले जाई जा रही गाय बरामद, दो गिरफ्तार

 | 

कुल्लू, 13 सितंबर (हि.स.)। कुल्लू-मनाली लेफ्ट बैंक मार्ग पर सेऊबाग में गो सेवा रक्षा दल की सतर्कता से कथित गो तस्करी का मामला सामने आया है। दल के सदस्यों ने संदिग्ध अवस्था में जा रही एक जीप को रोककर उसमें क्रूरतापूर्वक ले जाई जा रही एक गाय को बरामद किया।

जीप रोके जाने के बाद स्थानीय लोगों ने वाहन सवारों से गाय के बारे में पूछताछ की। आरोपियों ने पहले गाय को अपना बताते हुए कहा कि वह रास्ते में छूट गई थी। इसी दौरान एक स्थानीय व्यक्ति ने गाय को अपना बताया। इस पर वाहन सवारों ने अपना बयान बदलते हुए कहा कि यदि गाय उसकी है तो वह उसे ले जाए।

मामला संदिग्ध लगने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस और गो सेवा रक्षा दल को सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी भूप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गो सेवा रक्षा दल के जिला अध्यक्ष शेरा नेगी भी गो सेवकों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ करने के बाद मामले की जांच शुरू की और कथित गो तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान फारूक निवासी हुरला, जिला कुल्लू और इमरान निवासी पद्दर, जिला मंडी के रूप में हुई है।

एसपी कुल्लू अभिषेक ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

गो सेवा रक्षा दल के जिला अध्यक्ष शेरा नेगी ने मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि गो सेवा रक्षा दल मवेशियों के लिए चारे और भोजन की व्यवस्था करने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा को लेकर भी लगातार सतर्क है।

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह