शिमला : जिप लाइन कर्मचारियों पर पर्यटक से मारपीट का आरोप, एफआईआर
शिमला, 08 जून (हि.स.)। शिमला के महासू पीक स्थित एक एडवेंचर गतिविधि केंद्र में जिप लाइन के दौरान हुए विवाद के बाद पुलिस ने मारपीट, धमकी और अभद्र व्यवहार से जुड़े आरोपों के तहत मामला दर्ज किया है। यह मामला मध्य प्रदेश से शिमला घूमने आए एक पर्यटक की शिकायत पर दर्ज किया गया है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार मध्य प्रदेश के अशोक नगर निवासी 38 वर्षीय संकेत जैन सात जून को अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ महासू पीक स्थित एप्पल गार्डन एडवेंचर जोन में जिप लाइन गतिविधि के लिए पहुंचे थे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जिप लाइन शुरू होने से पहले उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारियों से बच्चों की सुरक्षा के लिए लगाए जाने वाले हुक और बेल्ट को अच्छी तरह जांचने का अनुरोध किया था।
शिकायत में कहा गया है कि इस बात पर वहां मौजूद एक कर्मचारी नाराज हो गया और उसने संकेत जैन तथा उनके साथ मौजूद यश जैन से कथित तौर पर रूखे तरीके से बात करनी शुरू कर दी। शिकायतकर्ता के अनुसार कुछ देर बाद वहां दो अन्य युवक भी पहुंच गए। आरोप है कि जिप लाइन का संचालन कर रहे व्यक्ति ने पहले यश जैन को धक्का दिया और इसके बाद तीनों युवकों ने लोहे के हुक और बेल्ट उठाकर उन पर हमला कर दिया।
संकेत जैन ने आरोप लगाया है कि इस हमले में उनके सिर पर चोट लगी और खून बहने लगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तीनों आरोपियों ने मारपीट के दौरान अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 351(2), 352, 115(2), 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

