home page

कुल्लू पुलिस की नशे पर बड़ी कार्रवाई, 23.690 ग्राम चिट्टा बरामद, तीन गिरफ्तार

 | 
कुल्लू पुलिस की नशे पर बड़ी कार्रवाई, 23.690 ग्राम चिट्टा बरामद, तीन गिरफ्तार


कुल्लू, 08 अगस्त (हि.स.)। कुल्लू पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 23.690 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। पुलिस ने दोनों मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पहले मामले में शुक्रवार रात पुलिस थाना मनाली की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मॉडल टाउन, मनाली स्थित एक निजी होटल में दबिश दी। तलाशी के दौरान फतेहगढ़ साहिब, पंजाब निवासी 26 वर्षीय और 45 वर्षीय दो व्यक्तियों के कब्जे से 20.420 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना मनाली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

वहीं, दूसरे मामले में पुलिस थाना कुल्लू की टीम अपर बदाह-पाहनाला सड़क पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान जिया गांव, डाकघर व तहसील भुंतर, जिला कुल्लू निवासी 33 वर्षीय व्यक्ति की तलाशी ली गई, जिसके कब्जे से 3.270 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस संबंध में थाना कुल्लू में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस दोनों मामलों में नशीले पदार्थों के स्रोत, सप्लाई चैन तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क का पता लगाने के लिए गहन जांच कर रही है।

पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक एस ने आम जनता से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से मादक पदार्थों से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा सूचना की जानकारी तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह