महिलाओं के कपड़े पहनकर चोरी करने वाले दो आरोपी काबू, एक नाबालिग
शिमला, 30 अप्रैल (हि.स.)। शिमला शहर में पुलिस ने चोरी के एक अनोखे मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात ये है कि ये आरोपी चोरी करते समय महिलाओं के कपड़े पहनते थे, ताकि किसी को उन पर शक न हो सके।
यह मामला थाना न्यू शिमला में दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता दया राम निवासी कंगनाधार ने पुलिस को बताया था कि 8 और 9 अप्रैल की दरम्यानी रात को बीसीएस स्थित उनकी बॉटल स्टोर का शटर तोड़कर अज्ञात लोगों ने करीब 35 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे।
पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए टीम बनाई और तकनीकी जांच, साक्ष्य जुटाने और संदिग्धों की तलाश जैसे कई कदम उठाए। लगातार की गई जांच के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें एक आरोपी की पहचान 19 वर्षीय भीष्म सिंह के रूप में हुई है, जो जिला सिरमौर के जसुई गांव का रहने वाला है। दूसरा आरोपी नाबालिग है, इसलिए उसके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया जुवेनाइल कानून के तहत की जा रही है।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दोनों आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देते समय अपनी पहचान छिपाने के लिए महिलाओं के कपड़े पहनते थे। ऐसा वे इसलिए करते थे जिससे लोगों को उन पर शक न हो और वे आसानी से वारदात को अंजाम दे सकें।
पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी इसी थाना क्षेत्र में दर्ज एक अन्य चोरी के मामले में भी संलिप्त हैं, जो 5 अप्रैल को दर्ज हुआ था। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि उस मामले में भी उनकी संलिप्तता पाए जाने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस तरह
आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 331(4), 305(a), 3(5) के तहत दो मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

