शिमला : देवता महासू मंदिर में चोरी, लाखों की चांदी और नकदी उड़ाई
शिमला, 04 अक्टूबर (हि.स.)। शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र में देवता महासू मंदिर से चांदी की वस्तुओं और नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। चोर मंदिर के दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और वहां रखी लोहे की तिजोरी को तोड़कर चांदी की दो सिल्लियां समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। चोरी हुई चांदी की मौजूदा बाजार कीमत करीब सात लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार यह घटना 2 और 3 अक्टूबर की मध्यरात्रि के दौरान हुई। इस संबंध में रोहडू के टिक्कर निवासी सुरेंद्र सिंह की शिकायत पर रोहड़ू पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है।
शिकायत के अनुसार अज्ञात व्यक्ति देवता महासू मंदिर के दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुआ। मंदिर के भीतर रखी लोहे की तिजोरी का दरवाजा भी टूटा हुआ मिला। तिजोरी के अंदर रखी करीब एक-एक किलोग्राम वजन की चांदी की दो सिल्लियां गायब थीं। इनका कुल वजन करीब दो किलोग्राम बताया गया है।
मंदिर में मूर्ति के पास रखी करीब 500 ग्राम वजन की चांदी की छत्र भी गायब मिली। इसके अलावा मूर्ति के साथ रखे करीब 500 ग्राम वजन के चांदी के शिवलिंग का भी पता नहीं चला। मूर्ति के पास एक डिब्बे में रखी करीब नौ हजार रुपये की नकदी भी चोरी हो गई।
पुलिस के अनुसार चोरी हुई चांदी की वस्तुओं की मौजूदा बाजार कीमत करीब सात लाख रुपये आंकी गई है। रोहड़ू पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच खड़राला पुलिस चौकी के प्रभारी एएसआई संजय कर रहे हैं। पुलिस अज्ञात आरोपी का पता लगाने के लिए जांच आगे बढ़ा रही है।
पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(3), 305, 3(5) के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

