home page

जुब्बल में देवता के मंदिर से मूर्ति और दानपात्र चोरी, एफआईआर

 | 
जुब्बल में देवता के मंदिर से मूर्ति और दानपात्र चोरी, एफआईआर


शिमला, 22 सितंबर (हि.स.)। शिमला जिले के जुब्बल क्षेत्र में देवता खोड़ के मंदिर से अज्ञात व्यक्ति मूर्ति, दानपात्र और नकदी चोरी कर ले गया। चोरी की घटना 17 से 20 सितंबर के बीच हुई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार जुब्बल थाना क्षेत्र के मंडल गांव निवासी नारायण सिंह ने इस संबंध में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनके गांव में देवता खोड़ का मंदिर है। 17 सितंबर को गांव के सभी लोगों ने मंदिर में पूजा की थी।

शिकायत के मुताबिक 20 सितंबर को दिन के समय नारायण सिंह मंदिर के पास अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि मंदिर का दरवाजा खुला हुआ था। मंदिर के अंदर जाकर देखा तो देवता खोड़ की मूर्ति, दानपात्र और उसमें रखी करीब 350 रुपये की नकदी गायब थी।

शिकायतकर्ता के अनुसार चोरी 17 सितंबर को पूजा होने के बाद और 20 सितंबर के बीच किसी समय हुई। चोरी की गई देवता की मूर्ति पीतल जैसी धातु की बनी हुई बताई गई है। मूर्ति और नकदी समेत चोरी हुए सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच सरस्वती नगर पुलिस चौकी के प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक प्यारे सिंह को सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस अज्ञात व्यक्ति की पहचान और चोरी की गई मूर्ति तथा अन्य सामान की बरामदगी के लिए जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा