home page

शिमला के संकटमोचन मंदिर से चांदी के मुकुट और नकदी चोरी, सीसीटीवी में कैद हुआ चोर

 | 
शिमला के संकटमोचन मंदिर से चांदी के मुकुट और नकदी चोरी, सीसीटीवी में कैद हुआ चोर


शिमला, 01 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के प्रतिष्ठित संकटमोचन मंदिर में शनिवार रात बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। मंदिर के गर्भ गृह में घुसे एक चोर ने भगवान राम और हनुमान के मंदिर से चांदी के तीन मुकुट और अन्य आभूषण चोरी कर लिए। इसके अलावा मंदिर के दानपात्र से नकदी भी चोरी की गई है। चोरी किए गए चांदी के तीन मुकुटों का वजन करीब 13 किलोग्राम बताया जा रहा है। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की वारदात कैद हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

मंदिर प्रबंधन को रविवार की सुबह चोरी का पता चला। इसके बाद संकटमोचन मंदिर के प्रबंधक अनूप ने बालूगंज पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चोरी की धाराओं में मामला दर्ज किया है। मंदिर की सुरक्षा में होमगार्ड कर्मी की तैनाती के बावजूद चोरी की वारदात होने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि चोरी की घटना वाली रात होमगार्ड कर्मी ड्यूटी पर तैनात था।

रात दो बजे मंदिर में दाखिल हुआ चोर, गेट का ताला तोड़कर गर्भ गृह तक पहुंचा

जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब दो बजे एक चोर मंदिर परिसर में दाखिल हुआ। उस समय गर्भ गृह वाले मंदिर का गेट बंद था। आरोपी ने गेट का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश कर गया। इसके बाद वह भगवान राम और हनुमान के गर्भ गृह में पहुंचा और वहां से चांदी के मुकुट तथा अन्य आभूषण चोरी कर लिए। आरोपी ने मंदिर के दानपात्र से नकदी भी निकाल ली।

चोरी की वारदात के अगले दिन सुबह मंदिर प्रबंधन को इसका पता चला। इसके बाद मंदिर प्रबंधक अनूप ने पुलिस को सूचना दी और शिकायत दर्ज करवाई। मंदिर प्रबंधन की ओर से नकदी की गिनती किए जाने के बाद दानपात्र से करीब 10 से 12 हजार रुपये चोरी होने का अनुमान लगाया गया है। चोरी किए गए मुकुटों का वजन करीब 13 किलोग्राम बताया जा रहा है। हालांकि, चोरी हुए आभूषणों और अन्य सामान का पूरा विवरण जांच के दौरान सामने आएगा।

सीसीटीवी में कैद हुई चोरी की वारदात, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

शिमला ग्रामीण के तहसीलदार संजीव गुप्ता ने बताया कि मंदिर में चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। आरोपी की तस्वीर और चोरी करते हुए उसकी गतिविधियां कैमरे में रिकॉर्ड हुई हैं। उन्होंने बताया कि मंदिर के गर्भ गृह से चांदी के मुकुटों और कुछ अन्य आभूषण चोरी हुए हैं।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मंदिर प्रबंधन की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। चोरी की धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरी की वारदात से जुड़े सुराग जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आरोपी की पहचान करने और चोरी हुए सामान को बरामद करने के लिए जांच कर रही है।

सरकार के नियंत्रण में है संकटमोचन मंदिर, नीम करौरी बाबा से जुड़ा है धार्मिक महत्व

शिमला का संकटमोचन मंदिर शहर के प्रमुख और प्रतिष्ठित धार्मिक स्थलों में शामिल है। यह मंदिर सरकार के नियंत्रण में है और यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर का धार्मिक महत्व नीम करौरी बाबा से भी जुड़ा हुआ है। मान्यता के अनुसार नीम करौरी बाबा ने इस स्थान पर साधना की थी।

मंदिर परिसर में नीम करौरी बाबा का एक अलग मंदिर भी है, जहां उनकी प्रतिमा स्थापित है। श्रद्धालु यहां पहुंचकर बाबा के दर्शन करते हैं और नतमस्तक होते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा