ठियोग के शीतला माता मंदिर में चोरी का आरोपी गिरफ्तार
शिमला, 12 अक्टूबर (हि.स.)। शिमला जिले में ठियोग के कराना स्थित शीतला माता मंदिर में चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान ठियोग निवासी राजेन्द्र उर्फ बिकू (35) निवासी के रूप में हुई है। मामले में चोरी हुई संपत्ति की बरामदगी के लिए जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार पांच और छह अक्टूबर की मध्यरात्रि को अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर में चोरी की थी। मंदिर में रखी चांदी और सोने की वस्तुओं के साथ करीब 10 हजार रुपये की नकदी चोरी की गई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस थाना ठियोग में छह अक्टूबर को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 और 331(4) के तहत मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान पुलिस ने मामले में संलिप्तता के आरोप में राजेन्द्र उर्फ बिकू को गिरफ्तार किया।
पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। चोरी हुई संपत्ति की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

