home page

हनुमान मंदिर में चोरी के मामले में आरोपी लुधियाना से गिरफ्तार

 | 

शिमला, 20 अगस्त (हि.स.)। शिमला जिले के रामपुर में हनुमान मंदिर से नकदी चोरी के मामले में पुलिस ने 21 वर्षीय युवक को लुधियाना से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी की घटना के बाद लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था और पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज की मदद से उसकी पहचान की और वीरवार को उसे लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार 15 अगस्त को मेन बाजार रामपुर स्थित हनुमान मंदिर से नकदी चोरी होने की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना सिटी रामपुर में मामला दर्ज किया गया। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के तहत 15 अगस्त को दर्ज किया गया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने मंदिर और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला। फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने चोरी की घटना में संदिग्ध की पहचान 21 वर्षीय सौरव पुत्र दीप बहादुर, निवासी कुल्लू के रूप में की।

पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस के मुताबिक वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी जगह बदल रहा था। लगातार प्रयास के बाद पुलिस टीम ने उसे वीरवार को लुधियाना से विधि अनुसार गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस चोरी की गई नकदी और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा