home page

मकान से 95 शटरिंग प्लेटें चोरी, आरोपी गिरफ्तार

 | 
मकान से 95 शटरिंग प्लेटें चोरी, आरोपी गिरफ्तार


शिमला, 25 सितंबर (हि.स.)। शिमला में एक मकान की धरातल मंजिल से 95 शटरिंग प्लेटें चोरी होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की गई सभी 95 शटरिंग प्लेटें बरामद कर ली हैं। वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।

पुलिस के अनुसार 23 सितम्बर की रात एक मकान की धरातल मंजिल से अज्ञात व्यक्ति 95 शटरिंग प्लेटें चोरी कर ले गए थे। इस संबंध में पुलिस थाना बालूगंज में शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर पुलिस टीम ने संदिग्ध की पहचान की और उसकी तलाश शुरू की। पुलिस ने शुक्रवार को सोलन जिला के अर्की निवासी अमरदेव (45) पुत्र बाबूराम को बिलासपुर से गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई सभी 95 शटरिंग प्लेटें बरामद कर ली हैं। इसके साथ ही चोरी में इस्तेमाल की गई पिकअप गाड़ी को भी कब्जे में लिया गया है। पुलिस के अनुसार चोरी हुए सामान की पूरी बरामदगी हो चुकी है। आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा