शिमला : गैस कटर से काटकर लोहे के 70 पोल ले गए चोर, सीसीटीवी में दिखी बोलेरो, टेलीकॉम कंपनी ने दर्ज करवाई एफआईआर
शिमला, 13 मई (हि.स.)। शिमला जिला में चोरों ने ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जिसने एक टेलीकॉम कंपनी की पूरी लाइन व्यवस्था हिला दी। रात के अंधेरे में पहले ऑप्टिकल फाइबर लाइन को निशाना बनाया गया और फिर गैस कटर की मदद से लोहे के भारी-भरकम पोल काटकर चोरी कर लिए गए। घटना के बाद कंपनी को करीब 9.25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। कंपनी की शिकायत पर पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चोरी की ये वारदात रामपुर उपमंडल के तकलेच क्षेत्र में सामने आई है। कंपनी द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार 5 और 6 मई की रात को जिस रूट पर ऑप्टिकल फाइबर केबल (ओएफसी) बिछी हुई थी, वहां से करीब 70 लोहे के एच-पोल गायब पाए गए। कुछ जगहों पर पोल गैस वेल्डिंग से काटे गए थे। सड़क निर्माण कार्य चलने के कारण कई हिस्सों में केबल को पोल की बजाय पेड़ों के सहारे लगाया गया था।
एरियल टेलीकॉम सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के स्टेट मैनेजर बाबू सिंह देशवाल ने इस मामले की शिकायत रामपुर थाना को दी है। शिकायत में कहा गया है कि ओएफसी लाइन कटने की सूचना मिलने के बाद कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो उन्हें दो कटे हुए पोल मिले। इसके बाद पूरे रूट की जांच की गई, जिसमें 70 पोल चोरी होने का पता चला।
कंपनी की ओर से की गई शुरुआती जांच में बहली क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए। फुटेज में 6 मई की रात एक बोलेरो कैंपर वाहन उस इलाके की ओर जाता दिखाई दिया है। पुलिस अब इसी आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया है और जांच जारी है।
गौरतलब है कि शिमला में इससे पहले भी चोरी की ऐसी वारदातें हुई हैं। पिछले वर्ष अक्टूबर माह में शिमला के ढली थाना अन्तर्ग शनान में सड़क किनारे रखी सीवरेज पाइपें चोरी हुई थीं, जिनकी क़ीमत 15 लाख थी। बाद में पुलिस ने चुराई गई सीवरेज पाइपों का ट्रक पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले के नादानघाट थाना क्षेत्र से बरामद किया था। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

