home page

मोबाइल टावर से उपकरण चोरी, दो साल बाद मामला दर्ज

 | 
मोबाइल टावर से उपकरण चोरी, दो साल बाद मामला दर्ज


शिमला, 19 जून (हि.स.)। शिमला जिले के ठियोग क्षेत्र में एक मोबाइल टावर से उपकरण चोरी होने का मामला सामने आया है। खास बात ये है कि मोबाइल टावर और उससे जुड़े उपकरणों के चोरी होने के मामले में करीब दो साल बाद एफआईआर दर्ज की गई है। कंपनी की शिकायत पर पुलिस थाना ठियोग में भारतीय न्याय संहिता की धारा 379 और 427 तथा भारतीय टेलीग्राफ अधिनियम की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायत जीटीएल इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि कृष्ण कुमार ने दर्ज करवाई है।

शिकायत के अनुसार कंपनी ने 1 सितंबर 2007 को गांव शिलारू, तहसील ठियोग के निवासी गोवर्धन सिंह चौहान पुत्र कांशी राम के साथ भूमि लीज एवं लाइसेंस समझौता किया था। इसके बाद कंपनी ने उक्त स्थान पर मोबाइल टावर स्थापित किया था, जिससे क्षेत्र में दूरसंचार सेवाएं प्रदान की जा रही थीं।

कंपनी के प्रतिनिधि ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 15 मई 2024 को जब साइट का निरीक्षण किया गया तो वहां लगा मोबाइल टावर और उससे संबंधित कई महत्वपूर्ण उपकरण गायब पाए गए। चोरी हुए सामान में टावर, शेल्टर, एयर कंडीशनर (एसी), डीजल जनरेटर (डीजी) सेट, बैटरियां, एसएमपीएस तथा अन्य तकनीकी उपकरण शामिल हैं।

कंपनी का कहना है कि अज्ञात लोगों ने इन उपकरणों को चोरी कर लिया, जिससे उसे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की आगे की जांच पुलिस थाना ठियोग के हेड कांस्टेबल विक्रम कर रहे हैं। पुलिस चोरी में शामिल लोगों की पहचान और चोरी हुए उपकरणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा