home page

किराये के कमरे से सोने-चांदी के गहने चोरी, ड्राइवर पर शक

 | 
किराये के कमरे से सोने-चांदी के गहने चोरी, ड्राइवर पर शक


शिमला, 22 मई (हि.स.)। शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के खनेरी में किराये के कमरे से सोने और चांदी के गहने चोरी होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस थाना रामपुर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार शिकायत किन्नौर जिले के सांगला क्षेत्र के शोंग गांव की रहने वाली 50 वर्षीय मंगल देवी ने दर्ज करवाई है। महिला फिलहाल अपनी बेटी के साथ रामपुर के खनेरी इलाके में किराये के कमरे में रह रही थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि पिछले करीब दो साल से वे वहीं रह रही हैं और अपने सोने-चांदी के गहने कमरे में छिपाकर रखे हुए थे।

महिला का आरोप है कि निचार के निगानी क्षेत्र का रहने वाला एक व्यक्ति फरवरी 2026 से उनकी गाड़ी नंबर HP25A5657 पर चालक के तौर पर काम कर रहा था। शिकायत के मुताबिक महिला 14 मार्च से 18 मार्च 2026 तक इलाज के लिए चंडीगढ़ गई हुई थी। इस दौरान चालक तैनात व्यक्ति कमरे में अकेला रुका था।

महिला ने बताया कि अप्रैल 2026 में जब उन्होंने अपने गहने देखे तो वे गायब मिले। उन्हें शक है कि गहनों की चोरी चालक ने की है, क्योंकि गहने कहां रखे गए थे इसकी जानकारी किसी और को नहीं थी।

पुलिस के अनुसार चोरी हुए सामान में सोने और चांदी के गहने शामिल हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा