शिमला : दो घरों से लाखों के आभूषण और नकदी चोरी
शिमला, 16 मार्च (हि.स.)। शिमला जिले के कुमारसैन थाना क्षेत्र में एक ही रात में दो घरों में चोरी की घटना सामने आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और चोरों की तलाश की जा रही है।
कुमारसेन के चलान गांव निवासी शिकायतकर्ता मोहन लाल डोगरा (58) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 14 मार्च की रात वह अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थे। रात करीब 9:30 बजे परिवार के सभी सदस्य सो गए थे। अगली सुबह 15 मार्च को करीब सात बजे उनकी पत्नी घर में झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान जब वह पूजा वाले कमरे में पहुंचीं तो देखा कि वहां रखा ट्रंक गायब था। इसके बाद परिवार ने ट्रंक की तलाश शुरू की। कुछ दूरी पर घर से करीब 150 मीटर दूर सड़क के किनारे झाड़ियों में ट्रंक पड़ा मिला, जबकि उसका सामान बिखरा हुआ था।
शिकायत के अनुसार ट्रंक में रखे कई कीमती सामान गायब थे। इनमें सोने का एक मंगलसूत्र, सोने की दो अंगूठियां, कान के टॉप्स की एक जोड़ी, सोने की दो नथ की तीलियां, सोने के झुमके की एक जोड़ी, चांदी की दो जोड़ी पायल, एक चांदी की चेन, चांदी का एक गिलास, एक छोटी चांदी की चम्मच और करीब 10 हजार रुपये नकद शामिल थे।
वहीं, पुलिस के मुताबिक इसी रात गांव लवाण में ही रहने वाले एक अन्य व्यक्ति पूर्ण चंद के घर में भी चोरी की घटना हुई है। शिकायत के अनुसार उनके घर से तीन चैन वाला सोने का मंगलसूत्र, सोने की चार अंगूठियां (तीन महिलाओं और एक पुरुष की), सोने के गहनों की अन्य जोड़ी और करीब 40 हजार रुपये नकद चोरी हो गए।
दोनों घटनाओं के सामने आने के बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 305 व 331(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले की जांच कुमारसैन थाना की महिला मुख्य आरक्षी सविता को सौंपी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर रही है और चोरों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि दोनों घटनाएं एक ही रात में और एक ही इलाके में हुई हैं, इसलिए इन्हें जोड़कर भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में सुराग जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

