home page

निर्माणाधीन होटल से कॉपर वायर चोरी, सीसीटीवी में दिखे तीन संदिग्ध गिरफ्तार

 | 
निर्माणाधीन होटल से कॉपर वायर चोरी, सीसीटीवी में दिखे तीन संदिग्ध गिरफ्तार


शिमला, 27 सितंबर (हि.स.)। शिमला शहर के सदर थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन होटल से कॉपर वायर और अन्य बिजली की तारें चोरी होने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार चोरी की घटना 25 सितंबर को सामने आई थी।

आरोपियों से चोरी हुआ सामान बरामद कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

पुलिस को दी शिकायत में बताया गया कि निर्माणाधीन होटल के स्टोर में रखी कॉपर वायर और अन्य वायरिंग की तारें चोरी हो गई हैं।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन संदिग्ध व्यक्ति पीठ पर कट्टे लेकर घटनास्थल के आसपास दिखाई दिए।

पुलिस ने स्थानीय जानकारी और खुफिया सूत्रों से मिली सूचना के आधार पर तीनों संदिग्धों की तलाश शुरू की। उन्हें डाउनडेल, फागली क्षेत्र से पूछताछ के लिए सदर थाना लाया गया। पूछताछ में उनकी पहचान अजय साहनी उर्फ ललटू, संजय और सैंटी के रूप में हुई।

पुलिस के अनुसार अजय साहनी उर्फ ललटू की उम्र 25 वर्ष है और वह बिहार के दरभंगा जिले का रहने वाला है। वह वर्तमान में शिमला के डाउनडेल, फागली में रह रहा था।

दूसरे आरोपी संजय की उम्र 28 वर्ष है। वह बिहार के मुजफ्फरपुर जिले का निवासी है और वर्तमान में डाउनडेल, फागली में रह रहा था। तीसरे आरोपी सैंटी की उम्र 26 वर्ष है। वह भी बिहार के दरभंगा जिले का रहने वाला है और डाउनडेल, फागली में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान मामले में उनकी संलिप्तता सामने आने के बाद तीनों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि आरोपियों के कब्जे से चोरी हुआ सामान बरामद कर लिया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की प्रक्रिया की जाएगी। पुलिस अब चोरी की घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और बरामद सामान की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा