home page

जगाधरी में किराना दुकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी

 | 

यमुनानगर, 14 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर के जगाधरी क्षेत्र में बदमाशों ने सोमवार देर रात को एक किराना दुकान का शटर तोड़कर करीब तीन लाख रुपये नकद और सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।दुकानदार ईशान गुलाटी ने शिकायत में बताया कि वह पिछले करीब 25 वर्षों से क्षेत्र के पंजेटो गांव में किराना दुकान चला रहे हैं। रोज की तरह वह रात को दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह पड़ोसियों के फोन से उन्हें घटना की जानकारी मिली, जिन्होंने दुकान का शटर टूटा होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि दुकान के अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि करीब 30 हजार रुपये का सामान चोरी हो गया। इसके अलावा दुकान के लिए रखी गई करीब तीन लाख रुपये की नकदी भी गायब थी, जिसमें हाल के दिनों की बिक्री और माल भुगतान के लिए जुटाई गई राशि शामिल थी।दुकानदार के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में दो युवक एक ऑटो में आते दिखाई दिए। फुटेज के मुताबिक सोमवार देर रात आरोपित दुकान के पास पहुंचे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपित छछरौली की दिशा से आए थे और घटना के बाद जगाधरी की ओर भाग निकले।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपितों की पहचान के लिए आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार