home page

दीपावली की रात भुंतर में ज्वेलर्स की दुकान में चोरी, डेढ़ किलो चांदी और सोने के गहने उड़ाए

 | 

कुल्लू, 9 नवंबर (हि.स.)। जिला कुल्लू के भुंतर में दीपावली की रात चोरों ने एक ज्वेलर्स कारीगर की दुकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। वारदात भुंतर के व्यस्त जय राम कॉम्प्लेक्स में हुई, जहां शातिर चोर दुकान के ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार चोरों ने ज्वेलर्स कारीगर पवन कुमार की दुकान में सेंध लगाई। चोर दुकान से करीब डेढ़ किलो चांदी, 15 ग्राम सोने के तैयार आभूषण और गल्ले में रखी नकदी चुराकर ले गए। दीपावली के अवसर पर जब पूरा क्षेत्र लक्ष्मी पूजन और आतिशबाजी में व्यस्त था, उसी दौरान चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया। चोरी से दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

घटना का पता चलने के बाद पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही भुंतर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उनका सुराग लगाया जा सके।

इस घटना के बाद भुंतर बाजार के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में रोष है। व्यापारियों ने त्योहारों के दौरान बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि व्यस्त बाजार में इस तरह की चोरी की वारदात होना चिंता का विषय है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी ने दीपावली की रात क्षेत्र में कोई संदिग्ध गतिविधि देखी हो तो इसकी जानकारी पुलिस को दें।

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह