home page

निर्माणाधीन भवन से चोरी बिजली की तारें बरामद, चार आरोपी पकड़े

 | 
निर्माणाधीन भवन से चोरी बिजली की तारें बरामद, चार आरोपी पकड़े


शिमला, 15 नवंबर (हि.स.)। शिमला के विकासनगर में निर्माणाधीन भवन से बिजली की तारें चोरी करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने चोरी की गई तारों को पूरी तरह बरामद कर लिया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य को कानूनी प्रावधानों के तहत नोटिस देकर जांच में शामिल किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद चार दिन का पुलिस हिरासत रिमांड मिला है।

पुलिस के अनुसार विकासनगर के निचले अंजी में एक निर्माणाधीन भवन से बिजली की तारें चोरी होने की शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता पूनम के बयान के आधार पर पुलिस थाना छोटा शिमला में 12 नवंबर को मामला दर्ज किया गया। इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 317(2) और 3(5) में दर्ज एफआईआर में कार्रवाई की गई।

पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ा। इनमें से दो को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35(3) के तहत नोटिस देकर पाबंद किया गया, जबकि दो अन्य को नियमानुसार गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस को उनकी चार दिन की हिरासत मिली है।

पुलिस ने दावा किया है कि निर्माणाधीन भवन से चोरी की गई बिजली की तारें शत-प्रतिशत बरामद कर ली गई हैं। शिमला पुलिस ने कहा है कि संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम, मामलों की त्वरित जांच और चोरी की संपत्ति की पूरी बरामदगी के लिए कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा