कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप-मोबाइल समेत 15 लाख का सामान चुराया, दो दबोचे
शिमला, 28 सितंबर (हि.स.)। शिमला में सड़क किनारे खड़ी एक कार का शीशा तोड़कर करीब 15 लाख रुपये का सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी का सामान बरामद करने के साथ वारदात में इस्तेमाल वाहन को भी कब्जे में लिया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार मामला बालूगंज थाना क्षेत्र का है। 20 सितंबर को एक शिकायत के आधार पर चोरी का मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने 19 सितंबर को अपनी कार उपनगर टूटू से सटे ढाण्डा इलाके में सड़क किनारे खड़ी की थी। अगले दिन सुबह जब वह कार के पास पहुंचा तो पिछले बाएं दरवाजे का शीशा टूटा हुआ था।
जांच में पता चला कि कार के अंदर रखा लैपटॉप, मोबाइल फोन, हार्ड डिस्क, घड़ी सहित करीब 15 लाख रुपये कीमत का सामान गायब था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
पुलिस ने 26 सितंबर को लेख राज (38) निवासी तहसील बल्ह, जिला मंडी को आईजीएमसी शिमला के समीप से गिरफ्तार किया। इसके अगले दिन 27 सितंबर को दूसरे आरोपी जोध सिंह (29) निवासी तहसील बल्ह, जिला मंडी को सुंदरनगर से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी कब्जे में लिया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

