रोहड़ू में केबल चोरी का आरोपी गिरफ्तार, 15 बंडल बरामद
शिमला, 16 अक्टूबर (हि.स.)। शिमला जिले के रोहड़ू में जल शक्ति विभाग के पंप हाउस से केबल चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी हुआ सामान बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 70 एमएम केबल के 12 बंडल और 16 एमएम केबल के तीन बंडल बरामद किए हैं। बरामद केबल के कुल 15 बंडल हैं। एससपी शिमला गौरव सिंह ने शुक्रवार को ये जानकारी दी।
दरअसल, मामला रोहड़ू के पौड़ीताल स्थित जल शक्ति विभाग के पंप हाउस से केबल चोरी होने का है। विभाग के उपमंडल अधिकारी (एसडीओ) की शिकायत पर पुलिस थाना रोहड़ू में 13 अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एससपी ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कैलाश चंद निवासी गांव जबल जिला शिमला को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई केबल बरामद हुई है।
उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

