शिमला के कारोबारी के घर एक करोड़ से ज्यादा की चोरी, उत्तराखंड से चार गिरफ्तार
शिमला, 22 सितंबर (हि.स.)। शिमला के एक बड़े कारोबारी के घर से एक करोड़ रुपये से अधिक के गहने, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी होने के मामले में पुलिस ने उत्तराखंड से चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से चोरी की करीब 80 प्रतिशत संपत्ति बरामद कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपियों में उत्तराखंड आबकारी विभाग से जुड़े कर्मचारी भी शामिल हैं। मामले की जांच अभी जारी है।
पुलिस के अनुसार चोरी की घटना सात सितंबर की रात हुई थी। अगले दिन आठ सितंबर की सुबह शिकायतकर्ता ने कमरे की अलमारियां खुली और सामान बिखरा हुआ देखा। जांच करने पर घर से आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान गायब मिला। इसके बाद सदर थाना शिमला में मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता ने घर में साफ-सफाई के काम के लिए एक युवती को रखा था। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद संदिग्धों की तलाश शुरू की और तकनीकी तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के उत्तराखंड की ओर जाने की जानकारी मिली। इसके बाद सदर थाना शिमला की पुलिस टीम ने ऊधम सिंह नगर पुलिस के साथ मिलकर रुद्रपुर में कार्रवाई की। पुलिस ने वहां से देवेंद्र कुमार, पप्पू लाल, बलजीत सिंह और नईम को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार देवेंद्र कुमार उत्तराखंड आबकारी विभाग में उप आबकारी निरीक्षक हैं। बलजीत सिंह आबकारी विभाग से जुड़े कांस्टेबल, पप्पू लाल उपनल के संविदा कर्मचारी और नईम पीआरडी कर्मी हैं। इन्हें गिरफ्तार कर शिमला लाया जा रहा है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि चोरी के बाद आरोपी उत्तराखंड के रास्ते नेपाल जाने की कोशिश में थे। इसी दौरान रुद्रपुर में आबकारी विभाग की टीम ने वाहन को जांच के लिए रोका था। इस घटनाक्रम में आबकारी विभाग के कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आई है। आरोप है कि चेकिंग के दौरान चोरी के सामान का कुछ हिस्सा अपने पास रख लिया गया और वाहन में सवार लोगों को जाने दिया गया। इस संबंध में उत्तराखंड में विभागीय कार्रवाई भी की गई है। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने मंगलवार को बताया कि अब तक चोरी की करीब 80 प्रतिशत संपत्ति बरामद की जा चुकी है। इसमें चोरी किए गए आभूषण और अन्य कीमती सामान शामिल हैं। पुलिस अब बाकी संपत्ति की बरामदगी के साथ घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है। उनका कहना है कि मामले में मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने लोगों से घरेलू सहायकों और कर्मचारियों को काम पर रखने से पहले उनकी पहचान और पते का पुलिस सत्यापन कराने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

