home page

सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल पिकअप में ले उड़े चोर, पुलिस ने की बरामद

 | 
सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल पिकअप में ले उड़े चोर, पुलिस ने की बरामद


शिमला, 14 जुलाई (हि.स.)। शिमला जिले के सुन्नी थाना अंतर्गत बसंतपुर में निर्माणाधीन मकान के बाहर सड़क किनारे खड़ी एक मोटरसाइकिल दिनदहाड़े चोरी हो गई। कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने सुन्नी में पिकअप वाहन से मोटरसाइकिल बरामद कर ली। इस मामले में पंजाब के पटियाला निवासी मनदीप सिंह (24), बाज सिंह (18) और साजन सिंह (20) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इसे लेकर थाना सुन्नी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की गई। यह मामला सुन्नी क्षेत्र के ग्राम कांगड़, डाकघर रिओग निवासी 38 वर्षीय तारा दत्त उर्फ दिलीप की शिकायत पर दर्ज हुआ है।

शिकायतकर्ता ने बताया कि वह सोमवार सुबह बसंतपुर ब्लॉक के पास विजय कुमार के निर्माणाधीन नए मकान में काम के सिलसिले में अपनी सेकेंड-हैंड मोटरसाइकिल (एचपी06ए-4636) से पहुंचा था। उसने मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी कर दी। दोपहर करीब 1:30 बजे उसके एक परिचित ने फोन कर बताया कि कुछ लोग उसकी मोटरसाइकिल को पिकअप (पीबी23टी-2350) में लादकर सुन्नी की ओर ले गए हैं।

सूचना मिलने पर तारा दत्त सुन्नी पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि पिकअप वाहन की जांच के दौरान मोटरसाइकिल आरोपियों के कब्जे से बरामद कर ली गई थी। शिकायतकर्ता ने मौके पर पहुंचकर मोटरसाइकिल की पहचान अपनी गाड़ी के रूप में की।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा