सीसीटीवी से मिले सुराग, मंदिर चोरी का आरोपी काबू
शिमला, 03 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी शिमला के संजौली थाना क्षेत्र में बखराई के दुर्गा माता मंदिर में चोरी के बाद आरोपी तक पहुंचना पुलिस के लिए आसान नहीं था। आरोपी मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर रहा था, जिससे उसकी लोकेशन का पता लगाना चुनौती बना हुआ था। ऐसे में पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके साथ उपलब्ध तकनीकी इनपुट और मानवीय सूचना तंत्र की मदद से लगातार सुराग जुटाए गए। इन प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसके ठिकाने का पता लगाया और उसे शनान गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान झारखंड के गुमला निवासी अजय (26) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 23 और 24 सितंबर की रात बखराई स्थित दुर्गा माता मंदिर में चोरी की घटना हुई थी। शिकायत मिलने के बाद संजौली थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच टीम ने मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया। फुटेज से मिले सुरागों के साथ अन्य उपलब्ध तकनीकी सूचनाओं का विश्लेषण किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर रहा था। इससे उसकी गतिविधियों और लोकेशन का पता लगाने में पुलिस को कठिनाई हुई। इसके बावजूद टीम ने तकनीकी संसाधनों के साथ मानवीय सूचना तंत्र का इस्तेमाल करते हुए लगातार जानकारी जुटाई। इसी प्रक्रिया में आरोपी की पहचान और उसके ठिकाने के बारे में सुराग मिला।
पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि आरोपी अजय (26) को दो अक्तूबर को शनान गांव के पास से गिरफ्तार किया। उसे पुलिस हिरासत में रखा गया है और आज अदालत के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस अधिकारी के अनुसार चोरी से जुड़े अन्य तथ्यों और चोरी हुए सामान की बरामदगी को लेकर जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

