शिमला : भट्टाकुफर चोरी मामले में दूसरा आरोपी गिरफ्तार, पहले से 13 मामले दर्ज
शिमला, 13 सितंबर (हि.स.) राजधानी शिमला के ढली थाना अंतर्गत भट्टाकुफर क्षेत्र में हुई चोरी की जांच पुलिस को उस आरोपी तक ले गई, जिसके खिलाफ पहले से चोरी और मादक पदार्थों से जुड़े 13 मामले दर्ज हैं। ढली पुलिस ने इस मामले में बलदेव सिंह उर्फ बल्ली को गिरफ्तार किया है। आरोपी बढ़हेरी, चंडीगढ़ का रहने वाला है और शनिवार शाम उसे गिरफ्तार किया गया। रिमांड हासिल करने के लिए उसे अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।
भट्टाकुफर में चोरी की घटना के बाद ढली पुलिस ने जांच के दौरान अलग-अलग पहलुओं पर काम करते हुए आरोपियों से जुड़े साक्ष्य जुटाए। जांच आगे बढ़ने पर बलदेव सिंह उर्फ बल्ली की इस मामले में संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसे नियमानुसार गिरफ्तार किया। इससे पहले इसी मामले में शिमला के सुन्नी निवासी 30 वर्षीय शुभम चंदेल को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने पूछताछ और जांच में उसकी संलिप्तता सामने आने के बाद गिरफ्तारी की थी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दूसरे आरोपी बलदेव सिंह के खिलाफ पहले से कुल 13 मामले दर्ज पाए गए हैं। इनमें 11 मामले चंडीगढ़ के अलग-अलग थानों में चोरी से जुड़े हैं। ये मामले वर्ष 2009 से 2014 के बीच दर्ज हुए थे। एक मामले में चोरी के साथ चोरी का सामान रखने से संबंधित धारा भी लगाई गई थी। इसके अलावा वर्ष 2019 में चंडीगढ़ में उसके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज हुआ था।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक वर्ष 2026 में शिमला के संजौली थाना क्षेत्र में भी बलदेव सिंह के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज हुआ है। पुलिस के अनुसार उसका पिछला आपराधिक रिकॉर्ड मुख्य रूप से चोरी और मादक पदार्थों से जुड़े मामलों का है। भट्टाकुफर चोरी मामले में अब पुलिस उससे पूछताछ के साथ घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। मामले का आगे का अन्वेषण जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

