शिमला में कमरे से चोरी हुए तीनों लैपटॉप बरामद, आरोपी चंडीगढ़ से गिरफ्तार
शिमला, 23 जुलाई (हि.स.)। शिमला पुलिस ने कमरे से तीन लैपटॉप चोरी होने के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए तीनों लैपटॉप भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार 21 जुलाई को पुलिस थाना छोटा शिमला में मल्याणा निवासी अमित की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया था कि उसके कमरे से तीन लैपटॉप चोरी हो गए हैं।
मामले की जांच के दौरान पुलिस थाना छोटा शिमला की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
जांच में कुल्लू जिले के निरमंड निवासी कार्तिक सिंह (26) पुत्र संसार सिंह की कथित संलिप्तता सामने आई।
इसके बाद पुलिस टीम ने 22 जुलाई को मनीमाजरा, चंडीगढ़ में कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए तीनों लैपटॉप बरामद कर लिए गए।
पुलिस के एक अधिकारी ने वीरवार को बताया कि आरोपी को रिमांड पर लेने के लिए अदालत में पेश किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

