home page

मंदिर से दान पेटी चुराने वाला आरोपी गिरफ्तार, नकदी बरामद

 | 
मंदिर से दान पेटी चुराने वाला आरोपी गिरफ्तार, नकदी बरामद


शिमला, 24 फ़रवरी (हि.स.)। छोटा शिमला स्थित मंदिर से दान पेटी चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के कब्जे से चोरी हुई दान पेटी और नकदी भी बरामद कर ली गई है।

जिला पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान जय प्रकाश (31) पुत्र जलम सिंह, निवासी गांव फागू, डाकघर कांडो, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक यह मामला मंगलवार को सामने आया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह रोजाना की तरह सुबह करीब 5:30 बजे छोटा शिमला मंदिर पहुंचे थे। उन्होंने दान पेटी को मंदिर के अंदर से निकालकर गेट के बाहर रख दिया और पूजा करने लगे।

करीब एक घंटे बाद सुबह लगभग 6:30 बजे जब वह बाहर आए तो दान पेटी वहां से गायब थी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। थाना पूर्व (ईस्ट) में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। जांच के दौरान चोरी हुई दान पेटी गांव कुम्हाली (कुसुम्पटी वन क्षेत्र) के पास से बरामद की गई और आरोपी से नकद राशि भी बरामद हुई।

जिला पुलिस शिमला ने मंदिर प्रबंधकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि दान पेटियों और अन्य कीमती सामान की सुरक्षा के लिए निगरानी और सीसीटीवी व्यवस्था मजबूत रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा