home page

संकट मोचन मंदिर चोरी मामले में पुलिस के हाथ खाली, सीसीटीवी में संदिग्ध कैद होने के बाद भी गिरफ्तारी नहीं

 | 

शिमला, 05 नवंबर (हि.स.)। राजधानी शिमला के प्रसिद्ध संकट मोचन मंदिर में चोरी की वारदात के कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। मंदिर परिसर के सीसीटीवी कैमरों में एक संदिग्ध की तस्वीर कैद होने के बावजूद पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई है। मंदिर से भगवान के तीन चांदी के मुकुट, माता सीता की सोने की नथ और दानपात्र की नकदी चोरी होने से श्रद्धालुओं में रोष है। लोगों ने पुलिस से जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने और चोरी हुआ सामान बरामद करने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार 31 अक्तूबर की देर रात अज्ञात चोर ने मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद वह गर्भगृह तक पहुंचा और वहां से भगवान के चांदी के तीन मुकुट, माता सीता की करीब एक तोला सोने की नथ और दानपात्र में रखी नकदी लेकर फरार हो गया। चोरी की घटना का पता घटना के अगले दिन सुबह उस समय चला, जब मंदिर के सुरक्षाकर्मी ने मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ देखा। इसके बाद मंदिर प्रबंधन को सूचित किया गया और पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।

सूचना मिलने पर बालूगंज थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(डी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। इसमें एक संदिग्ध व्यक्ति की तस्वीर सामने आई है। पुलिस ने संदिग्ध की जानकारी और तस्वीर अन्य स्थानों पर भी साझा की है। इसके बावजूद वारदात के कई दिन गुजरने के बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल में हुई इस चोरी और अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि मंदिर में इस तरह की वारदात सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है।

एएसपी शिमला मेहर पंवर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी थी। सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक संदिग्ध दिखाई दिया है। उसकी जानकारी सभी संबंधित स्थानों पर साझा की गई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा