दुर्गा माता मंदिर से चांदी की छत्र और नकदी चोरी, आरोपी गिरफ्तार
शिमला, 09 अगस्त (हि.स.)। शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र में दुर्गा माता मंदिर से चांदी की चौरी, चांदी का छत्र और दानपात्र में रखी नकदी चोरी होने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की पहचान अभय ठाकुर पुत्र दीवान सिंह ठाकुर, निवासी रोहड़ू, जिला शिमला के रूप में की है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार यह मामला रोहड़ू थाना में 7 अगस्त को दर्ज किया गया था। मंदिर में चोरी की शिकायत रविन्द्र सिंह ने दर्ज कराई थी। वह दुर्गा माता मंदिर में केयरटेकर के रूप में काम करते हैं। शिकायत के अनुसार किसी अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर से चांदी की चौरी, चांदी का छत्र और दानपात्र में रखे 1,200 रुपये चोरी कर लिए थे।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को अभय ठाकुर पर शक हुआ। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे 8 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 और 331 के तहत मामला दर्ज किया है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह के मुताबिक मामले में आगे की जांच जारी है। आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस चोरी की घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है। हालांकि, चोरी के आरोपों से जुड़े अन्य पहलुओं और सामान की बरामदगी के संबंध में पुलिस की ओर से इस जानकारी में कोई अतिरिक्त विवरण नहीं दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

