home page

मंदिर परिसर से देवदार के स्लीपर चुराने वाले तीन आरोपी एक माह बाद गिरफ्तार

 | 
मंदिर परिसर से देवदार के स्लीपर चुराने वाले तीन आरोपी एक माह बाद गिरफ्तार


शिमला, 28 नवंबर (हि.स.)। शिमला जिले के रोहड़ू में करीब एक माह पहले मंदिर परिसर की पार्किंग से देवदार की लकड़ी के 20 स्लीपर चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी जम्मू-कश्मीर के जिला कठुआ के रहने वाले हैं।

इनकी पहचान शब्बीर अहमद (26), रफाकत अली (25) और शब्बीर अहमद (31) के रूप में हुई है। तीनों जिला कठुआ, जम्मू-कश्मीर के निवासी हैं।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और डंप डेटा के विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

शिमला की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) मेहर पंवर ने शनिवार को बताया कि देवता महेश्वर महाराज मंदिर परिसर, समरकोट पुजारली की पार्किंग से 23 और 24 अक्टूबर की मध्यरात्रि को देवदार की लकड़ी के 20 स्लीपर चोरी हुए थे। इस मामले में पुलिस थाना रोहड़ू में 26 नवम्बर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

उन्होंने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीआरडी, सीसीटीवी फुटेज और डंप डेटा का गहन विश्लेषण किया। इससे मिले साक्ष्यों के आधार पर चोरी की वारदात में शामिल तीन लोगों की पहचान की गई। पुलिस ने 27 नवम्बर को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने कहा कि आरोपियों को अदालत के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा