home page

संजौली में 20 वर्षीय युवती ने की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

 | 

शिमला, 27 नवंबर (हि.स.)। राजधानी शिमला के उपनगर संजौली स्थित हिमुडा कॉलोनी में एक 20 वर्षीय युवती द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका जिला कुल्लू के आनी क्षेत्र की मूल निवासी थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार युवती संजौली में मुनाल स्कूल के समीप हिमुडा कॉलोनी में किराये के कमरे में रहती थी। इसी कमरे में उसने फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना संजौली की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

फिलहाल युवती द्वारा उठाए गए इस खौफनाक कदम के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है तथा परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा