युवती का उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी देने वाले पर एफआईआर
शिमला, 21 जून (हि.स.)। शिमला जिले के चौपाल पुलिस थाने में एक युवती की शिकायत पर उसके पड़ोस में रहने वाले युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। युवती ने आरोप लगाया है कि आरोपी लगातार उसे परेशान कर रहा है, स्टॉकिंग कर रहा है, गाली-गलौज कर रहा है और धमकियां दे रहा है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी अंकुश चौपाल उपमण्डल का रहने वाला है और पहले भी शिकायत होने के बावजूद उसे परेशान कर रहा है।
युवती के अनुसार 5 जून को आरोपी ने उनके पीछे-पीछे आकर उन्हें गंदी-गंदी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि आरोपी लगातार उन्हें परेशान कर रहा है, जिससे उन्हें डर और मानसिक तनाव हो रहा है।
पुलिस ने युवती की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 78, 79 और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी की तलाश में है और आगे की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

