मंडी में शराबी बेटे ने डंडे से पीट कर मार डाली मां, बाप को भी पीट कर किया लहूलुहान
मंडी, 22 जून (हि.स.)। मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल में रविवार की रात एक कलियुगी बेटे ने अपनी ही जननी मां को उसके सिर पर डंडे से वार करके मारा डाला। साथ ही अपने बाप की भी बुरी तरह से पिटाई करके उसे लहुलुहान करके अस्पताल पहुंचा दिया। मौत का शिकार हुई महिला पार्वती देवी उर्फ माघी उम्र 51 साल वर्तमान में हिमाचल प्रदेश सचिवालय शिमला में कार्यरत थी। रविवार होने के चलते अपने घर आई हुई थी। मां की डंडे से हत्या करने के बाद कलयुगी बेटा यहीं तक सीमित नहीं रहा। उसने अपनी मां के सिर पर डंडा मारा और जब देखा कि मां मर गई है तो उसे घसीटते हुए गांव के साथ लगते नाले में ले गया।
माना जा रहा है नाले में फेंक देने या दफन कर देने के इरादे से उसने यह खौफनाक कदम उठाया। चीखें सुन कर बाहर आ चुके गांव वालों ने उसे ऐसा करते हुए देख लिया और पुलिस को सूचित कर दिया। पुलिस ने मौके पर आकर हत्यारे बेटे को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस थाना बीएसएल कालोनी सुंदरनगर में सूचना मिली कि सुंदरनगर करसोग मार्ग के साथ सटे जै देवी के गांव गैहरी में एक महिला की उसके बेटे ने हत्या कर दी है। सूचना मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला के शव को नाले से बरामद किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी खेमा राम ने शाम के समय अपने बाप फागणू राम के साथ बैठ कर शराब पी। इसी बीच बाप और बेटे के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बेटे ने बाप की पिटाई कर डाली। मार कुटाई देख उसकी मां पार्वती उर्फ फागणी देवी बीच बचाव करने आई तो खेमा राम ने उसके सिर पर डंडा मारा और उसे मार गिराया। शराब के नशे में बुरी तरह घायल बाप तड़फ रहा था मगर आरोपी का बहशीपन रूकने का नाम नहीं ले रहा था। वह मर चुकी मां को घसीटते हुए नजदीक के नाले में ले गया मगर वहां पर गांव के लोग पहुंच गए और पुलिस को भी सूचित कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक मंडी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 एवं 115 /2 के तहत मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरएफएसएल मंडी की टीम ने भी मौके पर वैज्ञानिक तथ्य एकत्रित किए हैं। पुलिस ने साक्ष्य जुटाए और लाश का पोस्टमार्टम करके उसे परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस इस हत्याकांड के असली उदेश्य तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं। आरोपी को अदालत में पेश करके उसका रिमांड हासिल किया गया है तथा उससे कड़ी पूछताछ की जा सके। इस वारदात ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। मां को इस तरह मार देने की घटना की क्षेत्र में निंदा की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

