पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या का खुलासा, आरोपित गिरफ्तार
उन्नाव, 28 मार्च (हि.स.)। शहर के सिविल लाइन क्षेत्र में गत दिनों एक 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला शशिकला सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने के उपरांत छोटे पुत्रों व पुत्रियों द्वारा बड़ेभाई पर गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पोस्ट मार्टम कराए जाने हेतु पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया था। जिस पर पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया था। जिसमें गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था तथा हत्यारोपी बड़े पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने बताया कि गत दिनों बेहोशी की अवस्था में शशिकला सिंह पत्नी स्वर्गीय जयराम सिंह निवासी सिविल लाइन जिला अस्पताल लाई गई थी। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। अस्पताल परिसर में मृतका के अन्य बच्चों द्वारा बड़े भाई योगेंद्र कुमार सिंह पुत्र स्वर्गीय जयराम सिंह जो पेशे से अधिवक्ता हैं, द्वारा समाप्ति लिखाकर हत्या कर दिए जाने का आरोप लगाया।
जिस पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। ज्ञानेंद्र प्रताप की तहरीर पर मुकदमा चार लोगों पर दर्ज किया गया। मुख्य आरोपित योगेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया।
ज्ञानेंद्र कुमार के अनुसार कथित तौर पर मां की जमीन अपने नाम करा ली थी। इसी को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों ने आशंका जताई है कि संपत्ति विवाद के चलते ही वृद्ध महिला की हत्या की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरुण कुमार दीक्षित

