home page

शिमला : बेटे ने लोहे की पाइप से हमला कर पिता को किया घायल, एफआईआर दर्ज

 | 
शिमला : बेटे ने लोहे की पाइप से हमला कर पिता को किया घायल, एफआईआर दर्ज


शिमला, 07 नवंबर (हि.स.)। बेटे ने अपने 65 वर्षीय पिता के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। आरोप है कि बेटे ने पिता पर लोहे की पाइप से हमला किया, जिससे उनके पैर में चोट आई। घटना बीते 30 अक्तूबर की है, लेकिन पिता ने परिवार की बदनामी के डर से कई दिनों तक इसकी शिकायत नहीं की। छह नवंबर को तबीयत खराब होने पर अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने उनके पैर की जांच की और उन्हें भर्ती कर लिया। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। यह मामला शिमला जिला के झाखड़ी क्षेत्र में सामने आया है और पुलिस ने हमलावर बेटे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

पुलिस के अनुसार बुजुर्ग के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा शिमला में प्रोफेसर है, जबकि छोटा बेटा घर पर रहकर खेती करता है। शिकायत में बुजुर्ग ने आरोप लगाया कि 30 अक्तूबर को सुबह करीब 11 बजे छोटे बेटे अजय ने उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की। जब उन्होंने बेटे से इसका कारण पूछा तो उसने उन्हें रोका और लोहे की पाइप से हमला कर दिया। इस दौरान उनकी पत्नी ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया।

बुजुर्ग ने पुलिस को बताया कि परिवार की बदनामी के डर से उन्होंने घटना के बारे में किसी को नहीं बताया। छह नवंबर को अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टरों ने उनके पैर की चोट देखी और उन्हें भर्ती कर लिया। पुलिस थाना झाखड़ी में आरोपी बेटे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 115(2) और 352 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा