home page

(अपडेट) महिला का पर्स छीनकर फरार आरोपी गिरफ्तार

 | 
(अपडेट) महिला का पर्स छीनकर फरार आरोपी गिरफ्तार


शिमला, 29 अप्रैल (हि.स.)। शिमला जिला के रामपुर उपमंडल में पैदल मंदिर जा रही महिला से पर्स छीनकर फरार हुआ आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में है। घटना के बाद शुरू की गई तलाश के बीच पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में पकड़ लिया। पुलिस का कहना है कि सूचना मिलते ही आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

यह मामला रामपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत तकलेच का है, जहां मंगलवार को कोलकाता निवासी 54 वर्षीय महिला गुंजन कनोडिया ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि वह शरायकोटी माता मंदिर जाने के लिए तकलेच की ओर जा रही थीं और रास्ते में एक बोलेरो कैंपर (HP92-2931) में लिफ्ट ली थी, जिसमें ड्राइवर के अलावा एक पुरुष और एक लड़की भी सवार थे।

तकलेच के पास गाड़ी आगे न जाने के कारण ड्राइवर ने तीनों को सेरी में उतार दिया और वापस लौट गया, जबकि लड़की अपने गांव की ओर चली गई। इसके बाद महिला और वह पुरुष पैदल आगे बढ़ने लगे। आरोप है कि रास्ते में सड़क किनारे पानी के एक स्रोत के पास उस व्यक्ति ने महिला का पर्स छीन लिया, उन्हें धक्का दिया और गांव की ओर भाग गया।

महिला के पर्स में मोबाइल फोन, चार्जर, प्लग, डायरी, आधार कार्ड की कॉपी और करीब 6 हज़ार रुपये नकद थे। घटना के बाद महिला ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर तुरंत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई।

पुलिस ने आरोपी की पहचान राजवीर सिंह (46 वर्ष), निवासी गांव रून, डाकघर मुनीश बाहली, तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक उसे घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत केस दर्ज है और आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा