home page

सीएसपी संचालक हत्याकांड में लाइनर गिरफ्तार, पिस्टल व कारतूस बरामद

 | 
सीएसपी संचालक हत्याकांड में लाइनर गिरफ्तार, पिस्टल व कारतूस बरामद


सीवान, 25 मार्च (हि.स.)। सीवान जिले के सराय थाना क्षेत्र में सीएसपी संचालक लूट व गोलीकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कांड के लाइनर को गिरफ्तार कर उसके पास से देशी पिस्टल, कारतूस समेत कई सामान बरामद किए हैं।

गिरफ्तार अभियुक्त प्रमोद कुमार महादेवा थाने के सलेमपुर नई बस्ती निवासी स्व. संह ठाकुर का पुत्र है.एसपी पुरन कुमार झा ने प्रेस वार्ता कर बताया कि 20 मार्च 2026 को सराय थाना क्षेत्र के नवका टोला निवासी सीएसपी संचालक अशोक पटेल बैंक से अपने सीएसपी केंद्र कल्याणपुर जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने 5 लाख रुपए लूटपाट कर उन्हें गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल अशोक पटेल की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी।

घटना के बाद एसपी द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले के त्वरित उद्भेदन एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।गठित एसआईटी टीम ने बबुनिया मोड़ से घटनास्थल तक के सीसीटीवी फुटेज का गहन अवलोकन किया तथा तकनीकी अनुसंधान के आधार पर अपराधियों की पहचान की। इसके बाद गुप्त सूचना के आधार पर सिसवन टोला बाइपास रोड के समीप छापेमारी कर प्रमोद कुमार को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी पिस्टल, दो कारतूस, एक चोरी की मोटरसाइकिल, दो पासबुक, एक आईडी कार्ड, एक बैग, एक मोबाइल एवं 8220 रुपये नकद बरामद किए हैं।

एसपी ने बताया कि इस संबंध में सराय थाना में कांड दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। वहीं, घटना में संलिप्त अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma