home page

मारपीट व आपराधिक मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

 | 
मारपीट व आपराधिक मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार


शिमला, 25 फ़रवरी (हि.स.)। जिला शिमला के कुमारसैन क्षेत्र में दर्ज एक आपराधिक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह मामला पहले से दर्ज था और आरोपियों की तलाश की जा रही थी। जांच के दौरान उनकी संलिप्तता सामने आने के बाद गिरफ्तारी की गई।

पुलिस ने बताया कि मंगलवार शाम तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक (20 वर्ष), अनिल (23 वर्ष) और अंकुश (18 वर्ष) के रूप में हुई है। इनमें दो आरोपी नेपाल के निवासी बताए गए हैं, जबकि वे इन दिनों शिमला जिले के अलग-अलग स्थानों पर अस्थायी रूप से रह रहे थे।

जांच अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तारी की सूचना आरोपियों के परिजनों को उनकी इच्छा के अनुसार दे दी गई है। पुलिस ने बताया कि तीनों को फिलहाल पुलिस थाना कुमारसैन के लॉकअप में रखा गया है। सभी आरोपियों को बुधवार को माननीय अदालत में पेश किया जाएगा, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 126(2), 115(2), 117(2), 109 और 3(5) के तहत दर्ज किया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जरूरत पड़ने पर आगे भी कार्रवाई की जा सकती है। स्थानीय पुलिस चौकी सैंज की टीम ने यह गिरफ्तारी की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा