कार ने वकील को मारी टक्कर, मौत
हैदराबाद, 23 मई (हि.स.)। हैदराबाद के नामपल्ली इलाके में एक वकील की शनिवार को अपने आवास के बाहर कार से टक्कर लगने के बाद मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, वकील का नाम ख्वाजा मोईनुद्दीन है। वह सुबह अपने घर से बाहर निकले थे और अपनी कार में बैठने ही वाले थे कि तभी एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोपहर में उनकी मौत हो गई।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें गाड़ी को वकील को टक्कर मारते हुए देखा जा सकता है। नामपल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
वकील के परिवार वालों ने इसे सोची-समझी साजिश बताते हुए हत्या का संदेह जताया है। पुलिस का कहना है कि वे हर पहलू से मामले की जांच कर रहे हैं, जिसमें हत्या के प्रयास का एंगल भी शामिल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

