महिला ने लगाया यौन शोषण का आरोप, एचआरटीसी कर्मी पर एफआईआर
शिमला, 20 मई (हि.स.)। शिमला जिला के रामपुर में एक विवाहित महिला ने एचआरटीसी में काम करने वाले कर्मचारी पर तीन-चार साल से लगातार यौन शोषण और धमकी देने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़िता द्वारा दी गई शिकायत के मुताबिक एचआरटीसी में कार्यरत एक व्यक्ति ने उसके साथ गलत संबंध बनाए।
महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उन्हें अपने नियंत्रण में रखा और पिछले तीन-चार साल से जबरन उनके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।
शिकायत के अनुसार आरोपी कई बार महिला के क्वार्टर पर जबरन पहुंचा और उनके साथ गलत काम किया।
महिला ने शिकायत में कहा कि वह इन संबंधों के बारे में किसी को बताना चाहती थी, लेकिन अभियुक्त उन्हें मारने की धमकी देते थे। इससे महिला काफी परेशान और तंग आ चुकी है।
शिकायत के अनुसार आरोपी उन्हें ललचाकर या बहलाकर उनके कमरे में आता था और उनके इच्छा के खिलाफ गलत काम करते थे। इस पूरे मामले में महिला ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस ने महिला की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए अभियुक्त के खिलाफ बीएनएस की धारा 64(1) और 351(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक इस मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

