शिमला के ठियोग में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म, केस दर्ज
शिमला, 18 अगस्त (हि.स.)। शिमला जिले के ठियोग थानाक्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा से यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। करीब 15 वर्ष पीड़िता दसवीं कक्षा की छात्रा है। पीड़िता की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 15 अगस्त को वे अपनी बेटी के साथ ठियोग आए थे ताकि 15 अगस्त के मेले में शामिल हो सकें। दोपहर करीब तीन बजे उनकी बेटी बिना बताए वहां से चली गई। महिला ने मैदान में अपनी बेटी को ढूंढा लेकिन उनका पता नहीं चला। अगली सुबह करीब साढ़े नौ बजे महिला ने अपनी बेटी को एक पेट्रोल पंप के पास रोते हुए पाया। पूछने पर बेटी ने बताया कि एक लड़के ने उसे जबरन अपने दोस्त के कमरे में ले जाकर यौन उत्पीड़न किया।
घटना की शिकायत पर ठियोग पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 65(1) तथा पोक्सो अधिनियम की धारा 4 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

