home page

शिमला : दुष्कर्म के बाद नाबालिग की वीडियो वायरल करने की धमकी, एफआईआर

 | 
शिमला : दुष्कर्म के बाद नाबालिग की वीडियो वायरल करने की धमकी, एफआईआर


शिमला, 24 अक्टूबर (हि.स.)। शिमला जिले में एक 17 वर्षीय नाबालिग से कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध पोक्सो सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। शिकायत के अनुसार आरोपी ने घटना के बारे में किसी को बताने पर पीड़िता का वीडियो वायरल करने की धमकी दी थी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना शिमला जिला के रोहडू थाना क्षेत्र की है।

पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि 15 अक्टूबर को रोहड़ू में एक आवासीय क्वार्टर में पवन नाम के व्यक्ति ने उसकी नाबालिग बेटी के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने पीड़िता को धमकाया कि यदि उसने इस बारे में किसी को बताया तो वह उसका वीडियो वायरल कर देगा। इस धमकी के कारण घटना की जानकारी तत्काल सामने नहीं आ सकी।

शिकायत के मुताबिक 23 अक्टूबर को पीड़िता की तबीयत खराब हो गई और उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इसी दौरान उसने अपनी मां को कथित घटना के बारे में बताया। इसके बाद मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।

पुलिस थाना रोहड़ू में यह मामला पुलिस थाना जुब्बल से सीसीटीएनएस के माध्यम से जीरो एफआईआर के रूप में प्राप्त शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक रोहडू थाने ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1) और पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा