home page

मुंहबोले मामा पर 14 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का आरोप, गिरफ्तार

 | 
मुंहबोले मामा पर 14 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का आरोप, गिरफ्तार


शिमला, 12 अप्रैल (हि.स.)। शिमला जिले के ठियोग थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग लड़की को पढ़ाई का झांसा देकर अपने साथ ले जाने और उसके साथ जबरन दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता के मुंहबोले मामा ने ये हैवानियत की। पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है और कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नेपाली मूल की एक महिला ने थाना ठियोग पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई कि उसकी 14 वर्षीय बेटी को उसका मुंहबोला भाई अपने डेरा (अस्थायी घर) में यह कहकर साथ ले गया था कि वह उसे पढ़ाई में मदद करेगा। महिला के अनुसार बाद में उसकी बेटी ने फोन करके बताया कि आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और इस बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की 65 (1), 351 (2) व पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस मामले के नाबालिग से जुड़े होने के कारण गोपनीयता को देखते हुए ज्यादा जानकारी साझा नहीं कर रही है।

पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि अभियुक्त को गिरफ़्तार कर लिया गया है और रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में पेश किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा