ओखला-निजामुद्दीन के बीच रेलवे ट्रैक पर मिले बुलंदशहर के युवक-युवती के शव
नई दिल्ली, 03 अगस्त (हि.स.) राजधानी में ओखला और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर रविवार रात एक युवक और युवती के शव मिले। रेलवे पुलिस की शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है। दोनों की पहचान उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के रहने वाले युवक-युवती के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। मामले में बीएनएसएस की धारा 194(1) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
दिल्ली रेलवे पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त की रात करीब 8:47 बजे पुलिस थाना हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन को रेलवे मेमो के जरिए ओखला और निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेन दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलने पर डीडी नंबर-49 दर्ज की गई और जांच की जिम्मेदारी एएसआई योगेंद्र कुमार को सौंपी गई।
एएसआई योगेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो रेलवे ट्रैक पर एक युवक और एक युवती के शव पड़े मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला पुलिसकर्मी को भी मौके पर बुलाया गया। साथ ही क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
जांच के दौरान युवक की जेब से आधार कार्ड बरामद हुआ, जिसके आधार पर उसकी पहचान सागर (23) के रूप में हुई। इसके बाद युवती की पहचान शिवानी (20) के रूप में की गई।
रेलवे पुलिस ने दोनों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए लोकनायक जयप्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है।
पुलिस उपायुक्त रेलवे भरत रेड्डी ने बताया कि मामले में बीएनएसएस की धारा 194(1) के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शुरुआती जांच में मामला प्रेमी युगल द्वारा ट्रेन के आगे आकर जान देने का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

