डगशाई पब्लिक स्कूल में छात्रों के साथ रैगिंग का वीडियो वायरल
सोलन, 07 सितंबर (हि.स.)। सोलन जिला के अंतर्गत एक निजी स्कूल डगशाई पब्लिक स्कूल में छात्रों की रैगिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्कूल में अभिभावकों द्वारा खासा हंगामा हुआ । अभिभावकों ने आरोप लगाया कि यह सब स्कूल की शह पर हो रहा है । उनका कहना है कि उन्होंने भारी भरकम फीस देकर अपने बच्चों को यहां पढ़ने भेजा है, उनके साथ मारपीट के लिए नहीं भेजा है ।
इस बाबत पुलिस ने मामला दर्ज किया है । वहीं स्कूल ने पांच छात्रों को स्कूल से निष्कासित किये जाने की बात सामने आई है । स्कूल के प्रिंसिपल व प्रबंधन ने इस मामले में चुप्पी साध रखी है और कुछ भी बोलने से इनकार किया है । अभिभावकों व छात्रों ने स्कूल प्रबंधन व प्रिंसिपल पर गंभीर आरोप लगाए हैं । उनका कहना है कि बच्चों के साथ मारपीट करने व बदसलूकी की जाती है । यहां तक कि उनसे अभद्र व्यवहार करने वाले छात्रों द्वारा पैसे मांगने का भी आरोप लगाया है ।
पुलिस अधीक्षक सोलन टी. साईं दत्तात्रेय ने बताया कि इस बाबत कुछ अभिभावक उनसे मिलने पहुंचे थे । जिन्होंने कहा कि 5 सिम्बर को डगशाई पब्लिक स्कूल के कुछ छात्रों ने उनके बच्चों के साथ मारपीट की है । इसके अलावा पिछले चार - पांच माह से कुछ छात्र इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल हैं और उनके बच्चों को प्रताड़ित कर रहे हैं । वह छात्र रैगिंग के वीडियो भी सोशल मीडिया पर डालते रहे हैं ।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस उन सभी छात्रों की पहचान कर रही है और उनके विरुद्ध हिमाचल प्रदेश प्रोबेशन ऑफ रैगिंग एक्ट व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है । उन्होंने कहा कि सभी छात्र माइनर हैं और पुलिस मामले की जांच में जुटी है । सभी तथ्यों के सामने आने के उपरांत ठोस कार्रवाई अमल में लाई जाएगी ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

